जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत शनिवार को कुचाई प्रखंड परिसर में सुकर (सूअर) वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वैष्णवी इंटरप्राइजेज, रांची की ओर से चयनित पांच लाभुकों के बीच उन्नत नस्ल के सुकरों का वितरण किया गया। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देकर किसानों और बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना तथा उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, पशुपालन विभाग के चिकित्सक डॉ. शंकर सिंह तथा ग्रीस सोय के साथ संयुक्त रूप से लाभुकों को सुकर प्रदान किए।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना भी उनमें से एक है, जिसके माध्यम से ग्रामीण परिवारों को आय का अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लाभुकों से सुकर पालन को व्यवसाय के रूप में अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम है। सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों का सही उपयोग कर लाभुक अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने पशुओं की नियमित देखभाल और विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी।
पशुपालन विभाग के चिकित्सक डॉ. शंकर सिंह ने लाभुकों को वैज्ञानिक तरीके से सुकर पालन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार, समय-समय पर टीकाकरण और स्वच्छ वातावरण पशुओं के बेहतर विकास के लिए आवश्यक है। विभाग की ओर से लाभुकों को हर संभव तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान लाभुकों ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत मिले लाभ के लिए राज्य सरकार और पशुपालन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से उनकी आय बढ़ेगी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
कार्यक्रम में धर्मेंद्र सांडिल, उमेश मुखी, सुनील सोय, रघुनाथ भुमिज, सोयना मुंडा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

















