आरआईटी / Balram Panda : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा और कई सवाल खड़े कर दिए हैं, रेलवे ट्रैक के समीप अपराधकर्मी अमित सरदार का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, आखिर यह एक हादसा है, आत्महत्या है या फिर किसी बड़ी साजिश का अंजाम? यही सवाल अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात अमित सरदार अपने घर से निकला था, बताया जा रहा है कि कुछ लोग उसे बुलाकर अपने साथ ले गए थे, इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा, देर रात तक इंतजार के बाद परिवार के लोगों ने उसके दोस्तों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी.
अगली सुबह रेलवे ट्रैक के पास एक शव पड़े होने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया, स्थानीय लोगों की सूचना पर आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान अमित सरदार के रूप में की गई, पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
सूत्र बताते हैं कि अमित सरदार हाल ही में जेल से बाहर आया था और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है, बताया जा रहा है कि उसकी कई लोगों से पुरानी रंजिशें थीं, ऐसे में उसकी मौत ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं, यदि यह आत्महत्या है तो इसके पीछे क्या वजह थी? और यदि हत्या है तो आखिर किसने और क्यों इस वारदात को अंजाम दिया?
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है, अमित की अंतिम लोकेशन, कॉल डिटेल्स, उसके साथ आखिरी बार देखे गए लोगों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है.
अब सबकी नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, क्योंकि इन्हीं तथ्यों से यह साफ हो सकेगा कि रेलवे ट्रैक पर मिली यह लाश महज एक मौत है या फिर इसके पीछे छिपी है किसी बड़ी साजिश की कहानी.

















