जनसंवाद, जमशेदपुर। पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम की बैठक में इस वर्ष भी 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। परिषद की ओर से सुबह 7 बजे गोलमुरी वॉर मेमोरियल में कारगिल युद्ध में वीरगति प्राप्त 526 शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद शाम 5 बजे केरला समाजम ऑडिटोरियम में सम्मान समारोह आयोजित होगा।
सम्मान समारोह में शहर के शहीद परिवारों के साथ-साथ कारगिल युद्ध में सेवा दे चुके पूर्व सैनिकों और गौरव सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। परिषद का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के योगदान को याद करने के साथ युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जब तक युवाओं को देश के सैन्य इतिहास और सैनिकों के बलिदान की जानकारी नहीं होगी, तब तक वे आजादी की वास्तविक कीमत को पूरी तरह नहीं समझ पाएंगे। इसलिए कारगिल विजय दिवस जैसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को देशभक्ति और राष्ट्ररक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। परिषद के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि श्रद्धांजलि और सम्मान समारोह का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में सुशील कुमार सिंह, राजीव रंजन, दिनेश सिंह, सतनाम सिंह, गणेश राव, अरविंद सिंह, रमेश सिंह, बलजीत सिंह, राधेश्याम, चंद्रमा सिंह, राजेश कुमार, विद्यानंद गिरी, कन्हैया कुमार, जावेद खान, शिव शंकर चक्रवर्ती, अशोक श्रीवास्तव, महेश कुमार, संतोष कुमार सिंह, डॉ. कमल शुक्ला, सुरेंद्र प्रसाद मौर्य, नरेंद्र कुमार, रजत डे, हंसराज सिंह, अजय कुमार, कामबाबू, संजीव वर्मा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

















