जनसंवाद, जमशेदपुर। डोरकासाई स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को राष्ट्रीय अभिभावक दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अपने माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और पारिवारिक मूल्यों की भावना को प्रोत्साहित करना था।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बच्चों के जीवन में अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। माता-पिता अपने बच्चों के सर्वांगीण विकास, संस्कार और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर समर्पित रहते हैं। इसी योगदान के सम्मान में विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान केजी कक्षा के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में केजी-1, केजी-2 और केजी-3 के विद्यार्थियों काव्या गोप, मानसी महतो, नूपुर दास, रितिका महतो, दिविषा भगत, रायमत सोरेन, साक्षी टुडू, आयांश स्वान सहित अन्य बच्चों ने भाग लिया।
वहीं कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों वृष्टि सरदार, अस्मिता हांसदा, जानवी महतो, सुलेखा हांसदा, तान्वी उरांव, प्रेरणा टुडू, आरोही कुमारी और खुशी कालिंदी ने भी अपनी प्रस्तुतियों से अभिभावकों के प्रति सम्मान और प्रेम का संदेश दिया।
विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अभिभावकों के प्रति अपने स्नेह और सम्मान को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।

















