जनसंवाद, जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए 27 जुलाई को नगर निगम कार्यालय के सामने धरना देने की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम नियमों के अनुरूप नहीं चल रहा है और प्रशासनिक व विकास कार्यों में अनियमितताएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित धरना नगर निगम प्रशासन के लिए एक चेतावनी है कि मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बिष्टुपुर स्थित अपने आवास पर धरना कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में सरयू राय ने आरोप लगाया कि नगर निगम में एक वरिष्ठ अधिकारी को ऐसे पद पर कार्य करना पड़ रहा है, जहां उन्हें अपने जूनियर अधिकारी के अधीन काम करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
विधायक ने यह भी दावा किया कि डिमना रोड चौड़ीकरण के दौरान लगभग 10 वर्ष पहले बने नालों की सफाई को लेकर यह कहा जा रहा है कि उनकी सफाई 20 वर्षों से नहीं हुई थी। उन्होंने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो नाले 10 वर्ष पहले बने हैं, उनकी 20 वर्षों से सफाई नहीं होने का दावा तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हो सकता।
सरयू राय ने कहा कि नगर निगम के कार्यों को जनसुविधा और विकास कार्य दो अलग-अलग श्रेणियों में संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों और विकास योजनाओं की निगरानी की जाएगी ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम का ध्यान विकास कार्यों से अधिक ठेकेदारी व्यवस्था पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी योजना में नियमों का उल्लंघन हुआ तो विधानसभा में विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव (प्रिविलेज मोशन) लाने पर भी विचार किया जाएगा।
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि नालों की सफाई का कार्य केवल करीब 10 प्रतिशत ही हुआ, जबकि भुगतान पूरा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
27 जुलाई को गांधी मैदान में होगा धरना
सरयू राय ने बताया कि 27 जुलाई को सुबह 10 बजे से मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित गांधी मैदान में धरना आयोजित किया जाएगा। बरसात को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि धरने में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
इन मुद्दों को लेकर होगा प्रदर्शन
बैठक में बताया गया कि धरना मानगो नगर निगम क्षेत्र में लंबित विकास योजनाओं, जल निकासी व्यवस्था, पेयजल संकट, सड़कों एवं नालियों की खराब स्थिति तथा कथित अनियमितताओं को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
बैठक में यह भी दावा किया गया कि 29 दिसंबर 2025 को शिलान्यास की गई ₹12 करोड़ 13 लाख की 38 विकास योजनाओं का अब तक क्रियान्वयन शुरू नहीं हो सका है। इसके अलावा उलीडीह, टैंक रोड, देशबंधु लाइन, रामकृष्ण कॉलोनी और कुक्कुट डुंगरी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजनाओं तथा ₹6 करोड़ 73 लाख की सड़क और नाली निर्माण योजनाओं के लंबित रहने का भी मुद्दा उठाया गया।
बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अजय कुमार, पप्पू सिंह, अमृता मिश्रा, कुलविंदर सिंह पन्नू, संजय ठाकुर, तारक मुखर्जी, चुन्नू भूमिज, मुश्ताक अहमद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















