जनसंवाद, जमशेदपुर। सोना देवी यूनिवर्सिटी एवं स्काईवे करियर हब के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को बिष्टुपुर स्थित द एल्कोर होटल में सोना देवी यूनिवर्सिटी एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड 2026 का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 112 शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से डॉ. हरि बल्लभ सिंह आरसी, श्रीमती शोभा गनेरीवाल, डॉ. गीता नायर, श्रीमती आशु तिवारी, श्री संतोष सिंह तथा श्री कुंदन कुमार सिंह को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 18 विजनरी प्रिंसिपल अवार्ड, 14 पायनियर इन एजुकेशन अवार्ड, 10 हॉल ऑफ फेम अवार्ड तथा 64 टीचर्स अवार्ड प्रदान किए गए।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई। अक्षर इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना की प्रस्तुति दी।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुआ ने स्वागत भाषण दिया। सहायक कुलसचिव अर्चना सिंह ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी, जबकि कुलसचिव डॉ. नित नयना ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने कहा कि शिक्षा का प्रकाश फैलाने वाले गुरुजनों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में सोना देवी यूनिवर्सिटी ने शिक्षकों को सम्मानित करने की पहल की है और इस पुरस्कार समारोह का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह सम्मान राज्य स्तर पर प्रतिष्ठित पहचान बनाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के नए स्कूल ऑफ एआई एंड कंप्यूटिंग की जानकारी विजुअल प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई। वहीं स्काईवे करियर हब ने वीडियो प्रस्तुति के जरिए विश्वविद्यालय की एसडीयूसैट (SDUSAT) स्कॉलरशिप योजना की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट की ट्रस्टी डॉ. निर्मला शुक्ला, शासी निकाय के सदस्य डॉ. शहनवाज आलम और प्रभात शर्मा, सलाहकार समिति के सदस्य रवींद्र नाथ चौबे एवं राजेश कुमार शुक्ला को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार मुख्य अतिथियों में शामिल रहे। वहीं उदितवाणी के संपादक उदित अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद स्काईवे करियर हब की ओर से फैशन शो का आयोजन भी किया गया।
















