जनसंवाद, आदित्यपुर। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन के इको क्लब और रोटरैक्ट क्लब की ओर से मंगलवार को कॉलेज के मल्टीपर्पस हॉल में ई-वेस्ट मैनेजमेंट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा प्रबंधन) विषय पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निपटान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो ने रिसोर्स पर्सन के स्वागत के साथ की। इसके बाद इको क्लब एवं रोटरैक्ट क्लब की समन्वयक रेखा कुमारी गोप ने स्वागत भाषण दिया।
कार्यक्रम में ई-लॉजिक्स (ELogix) के सह-संस्थापक अर्जुन सिंह गिल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ई-वेस्ट के अनुचित निपटान से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी और रीसाइक्लिंग सहित विभिन्न व्यावहारिक उपायों पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने और स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सत्र के दौरान छात्रों ने ई-वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े विषयों पर उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया। कार्यक्रम संवादात्मक रहा और छात्रों ने इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का संचालन रोटरैक्ट क्लब की अध्यक्ष एवं बीएड की छात्रा रोशनी कुमारी ने किया।
















