जनसंवाद, जमशेदपुर। डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल के कलाकृति ऑडिटोरियम में मंगलवार को मैथ्स फेस्ट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत कक्षा तीसरी से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने इंटर-हाउस मैथ्स क्विज में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ तार्किक सोच, विश्लेषण क्षमता और समस्या समाधान कौशल का विकास करना था।
क्विज प्रतियोगिता में चारों हाउसों के विद्यार्थियों के बीच रोचक मुकाबला हुआ। विभिन्न राउंड में प्रतिभागियों की गणितीय समझ, त्वरित उत्तर देने की क्षमता और टीमवर्क की परीक्षा ली गई।
प्रतियोगिता में कक्षा 3-4 वर्ग में एमराल्ड हाउस के धैर्य अग्रवाल और इरफान खान विजेता बने। कक्षा 5-6 में सैफायर हाउस के हिमांशु कुमार और सान्वी सिन्हा ने पहला स्थान प्राप्त किया। कक्षा 7-8 में टोपाज हाउस के अफ्फान अख्तर और अर्नब सुर विजेता रहे, जबकि कक्षा 9-10 वर्ग में एमराल्ड हाउस के ओम कात्यायन और आयुष कुमार ने जीत हासिल की।
कार्यक्रम का आयोजन गणित विभागाध्यक्ष नीलांजना चटर्जी एवं गणित विभाग के शिक्षकों के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की संयुक्त सचिव उषा मालिनी, कोषाध्यक्ष भुवना कृष्णन, संयुक्त कोषाध्यक्ष पी. एस. अरुणा, विद्यालय के प्राचार्य, उप-प्राचार्य तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि मैथ्स फेस्ट विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक शैक्षणिक अनुभव साबित हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ आत्मविश्वास, सहयोग की भावना, आलोचनात्मक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित किया।

















