जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड सभागार में शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी की अध्यक्षता में पंचायत समिति कार्यकारिणी एवं समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं, जनसुविधाओं और पंचायतों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा की गई। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) साधुचरण देवगम, पंचायत समिति सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
झूलते बिजली तारों को जल्द ठीक करने के निर्देश
बैठक में छोटासेगोई पंचायत के कितकुटी गांव में नीचे झूल रहे बिजली तारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर प्रमुख गुड्डी देवी और बीडीओ साधुचरण देवगम ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई कर बिजली तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि झूलते तार दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गोमियाडी में विद्युतीकरण कार्य में तेजी लाने पर जोर
बैठक में गोमियाडी पंचायत में चल रहे विद्युतीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कार्य में तेजी लाते हुए इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द बिजली सुविधा मिल सके।
खराब जलमीनारों की मरम्मत कराने का निर्देश
बैठक में विभिन्न पंचायतों में खराब पड़े जलमीनारों का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों को सभी खराब जलमीनारों की सूची तैयार कर नियमानुसार मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। प्रमुख ने कहा कि पेयजल ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीएचसी कुचाई में अल्ट्रासाउंड सुविधा की मांग
पंचायत समिति सदस्यों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुचाई में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की मांग रखी। उनका कहना था कि जांच के लिए लोगों को दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी होती है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया।
मलेरिया रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर
स्वास्थ्य विभाग ने बैठक में मलेरिया से बचाव और रोकथाम की जानकारी दी। अधिकारियों ने बरसात के मौसम में साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरदानी के उपयोग और जलजमाव रोकने पर जोर दिया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई।
जनहित के कार्यों में समन्वय से काम करने के निर्देश
बैठक के अंत में सभी विभागों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा, अंचल निरीक्षक बबलू करमाली, बीपीओ रेशमी लामाय, प्रखंड लिपिक सुनीता सिंह, प्रखंड समन्वयक पंकज कुम्हार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तीर्थी डे, बीसीओ निर्मल लाकड़ा, वन विभाग, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा सभी पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे।

















