जनसंवाद, जमशेदपुर। उपायुक्त-सह-जिला प्रारंभिक शिक्षा समिति के अध्यक्ष राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला प्रारंभिक शिक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों के उत्क्रमण (अपग्रेडेशन) से संबंधित प्रस्तावों पर विचार-विमर्श करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
46 उच्च विद्यालयों को मिलेगा +2 का दर्जा
बैठक में झारखंड सरकार के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के आलोक में विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त प्रस्तावों पर विचार किया गया। समिति ने 46 उच्च विद्यालयों को +2 उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की।
15 मध्य विद्यालय बनेंगे उच्च विद्यालय
शिक्षा के विस्तार की दिशा में समिति ने 15 मध्य विद्यालयों को उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इस निर्णय से विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी।
दो प्राथमिक विद्यालय होंगे मध्य विद्यालय
बैठक में प्राथमिक विद्यालयों के उत्क्रमण संबंधी प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान बताया गया कि मुसाबनी प्रखंड के वन क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय बांकई के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में कोई मध्य विद्यालय नहीं है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में कठिनाई होती है। वहीं जमशेदपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय नंदनगर का प्रस्ताव भी समिति के समक्ष रखा गया।
इन परिस्थितियों को देखते हुए समिति ने दो प्राथमिक विद्यालयों को मध्य विद्यालय में उत्क्रमित करने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।
विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी बेहतर शिक्षा
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह निर्णय महत्वपूर्ण साबित होगा। विद्यालयों के उत्क्रमण से विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च कक्षाओं तक अध्ययन की सुविधा मिलेगी और शिक्षा तक उनकी पहुंच और अधिक मजबूत होगी।

















