जनसंवाद, जमशेदपुर। मानगो के दाईगुट्टू स्थित धोबी लाइन में जल्द ही पंचमुखी हनुमान मंदिर का निर्माण शुरू होगा। मंदिर निर्माण से पहले शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भूमि पूजन का अनुष्ठान पंडित संतोष तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जबकि भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
स्वर्गीय मेवालाल शाह की इच्छा को मिलेगा साकार रूप
मंदिर निर्माण समिति के मुख्य संरक्षक एवं स्वर्गीय मेवालाल शाह के ज्येष्ठ पुत्र प्यारेलाल शाह ने बताया कि उनके पिता की लंबे समय से क्षेत्र में बजरंगबली मंदिर बनाने की इच्छा थी। इसके लिए उन्होंने अपने निजी भूखंड का एक बड़ा हिस्सा मंदिर निर्माण के लिए समर्पित कर दिया था, लेकिन उनके जीवनकाल में यह सपना पूरा नहीं हो सका। अब उनकी स्मृति में मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है।
रामनवमी जुलूस के लिए भी होगी सुविधा
प्यारेलाल शाह ने बताया कि इस क्षेत्र से हर वर्ष रामनवमी के अवसर पर अखाड़ा जुलूस निकलता है, लेकिन आसपास हनुमान मंदिर नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पंचमुखी हनुमान मंदिर बनने से धार्मिक गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों को पूजा-अर्चना के लिए सुविधा उपलब्ध होगी।
एक वर्ष में पूरा होगा निर्माण कार्य
उन्होंने बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य लगभग एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंदिर निर्माण के लिए ओडिशा के कुशल कारीगरों को लगाया जाएगा, ताकि भव्य एवं आकर्षक मंदिर का निर्माण किया जा सके।
भूमि पूजन के बाद बांटा गया प्रसाद
भूमि पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। मंदिर निर्माण की घोषणा से पूरे मोहल्ले में उत्साह का माहौल है और स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक पहल बताया।

















