जनसंवाद, जमशेदपुर/तारापुर: सावन माह में शिवभक्तों की सेवा का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय बिहार के तारापुर स्थित बोल बम सेवा ट्रस्ट, जमशेदपुर द्वारा संचालित सेवा शिविर पहुंचे। यहां उन्होंने कांवड़ियों को अपने हाथों से भोजन परोसा और शिविर में आयोजित रुद्राभिषेक में शामिल होकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
सेवा शिविर में दिनभर जुटे रहे स्वयंसेवक
सोमवार सुबह से ही सेवा शिविर में बड़ी संख्या में कांवड़ियों का आगमन होता रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवक पूरे समर्पण के साथ सेवा कार्यों में जुटे रहे। शिविर में कांवड़ियों को चाय, शुद्ध पेयजल, नींबू पानी, नाश्ता और भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।
सरयू राय ने सेवा कार्यों की सराहना की
विधायक सरयू राय ने बोल बम सेवा ट्रस्ट की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सावन माह में कांवड़ियों की निस्वार्थ सेवा करना भगवान शिव की सच्ची आराधना है। उन्होंने सेवा शिविर में कार्यरत स्वयंसेवकों के समर्पण और सेवा भावना की भी प्रशंसा की।
कांवड़ियों ने जताया आभार
शिविर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने ट्रस्ट की व्यवस्थाओं और स्वयंसेवकों की सेवा भावना की सराहना की। कांवड़ियों ने कहा कि लंबी पैदल यात्रा के दौरान इस प्रकार के सेवा शिविर उन्हें राहत और ऊर्जा प्रदान करते हैं।

















