जनसंवाद, जमशेदपुर। जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने मंगलवार को मानगो के बैकुंठ नगर एवं आसपास की बस्तियों का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान बस्तीवासियों की समस्याएं सुनने के बाद 5 अगस्त को उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचकर संवैधानिक एवं मौलिक अधिकारों की मांग करने का निर्णय लिया गया।
भुइयांडीह और बैकुंठ नगर के लोग होंगे शामिल
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि भुइयांडीह और बैकुंठ नगर सहित विभिन्न बस्तियों के हजारों लोग 5 अगस्त को सौरभ विष्णु के नेतृत्व में डीसी कार्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान बस्तीवासी अपने निवास से संबंधित दस्तावेज और आवेदन प्रशासन को सौंपेंगे तथा अपने अधिकारों की रक्षा की मांग करेंगे।
दस्तावेजों के आधार पर न्याय की मांग
सौरभ विष्णु ने कहा कि बैकुंठ नगर में रहने वाले परिवार वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं। उनके पास वोटर आईडी, राशन कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य सरकारी दस्तावेज उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित परिवारों के नाम वर्ष 2003 की एसआईआर (SIR) सूची में भी दर्ज हैं।
संघर्ष संविधान और कानून के दायरे में होगा
बैठक को संबोधित करते हुए सौरभ विष्णु ने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लोग एकजुट होकर डीसी कार्यालय पहुंचेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी टकराव की नहीं, बल्कि संविधान, कानून और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर अपने अधिकार प्राप्त करने की है।
शांति बनाए रखने की अपील
उन्होंने सभी बस्तीवासियों से शांति बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति में कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ संवाद के माध्यम से न्याय की मांग की जाएगी और वर्षों से बसे परिवारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती। जन विकास मंच हर स्तर पर बस्तीवासियों के न्याय, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ा रहेगा।

















