जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): कुचाई प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) में मंगलवार को पहली बार संकुलवार सभी प्रभारी शिक्षकों की गुरु गोष्ठी आयोजित की गई। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) संजय कुमार जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा करना रहा।
पाठ्यक्रम पूरा करना ही शिक्षकों की जिम्मेदारी नहीं
गुरु गोष्ठी को संबोधित करते हुए बीईईओ संजय कुमार जोशी ने कहा कि विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी है।
नामांकन से लेकर ई-विद्या वाहिनी तक की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान विद्यालयों में नामांकन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना, छात्रवृत्ति, यूनिफॉर्म वितरण, पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, ई-विद्या वाहिनी, ई-केवाईसी, SMC, शिक्षक बायोमेट्रिक और विद्यार्थियों की हाजिरी समेत विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की गई।
बीईईओ ने प्रभारी शिक्षकों को विद्यालयों में साफ-सफाई, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर भी जोर दिया गया।
खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा
गुरु गोष्ठी में आगामी शैक्षणिक गतिविधियों, मूल्यांकन कार्य, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने, विद्यालय के अभिलेखों को अपडेट रखने और विभागीय निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया।
विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
शिक्षकों ने रखीं समस्याएं और सुझाव
बैठक में शिक्षकों ने अपने-अपने विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के सामने रखा। बीईईओ संजय कुमार जोशी ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विभाग और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
17 अगस्त तक अलग-अलग संकुलों में होगी गुरु गोष्ठी
बताया गया कि कुचाई प्रखंड में अलग-अलग संकुलवार गुरु गोष्ठी का आयोजन 17 अगस्त तक किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
ये रहे मौजूद
बैठक में बीईईओ संजय कुमार जोशी, बीपीओ मिहीर कुमार दास, लेखापाल कृष्णा मोहन महतो, सीआरपी राजेश प्रधान, कलेंदर प्रधान, सुधीर महतो, तिलक प्रसाद महतो, पंचु मार्डी, अरविंद सिंह, चमर सिंह मुंडा, गोपाल चंद्र पाल, यदुनाथ मुंडा सहित सभी प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

















