जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): कुचाई प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को प्रखंड स्तरीय खरीफ कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देना था। गोष्ठी में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में किसान और किसान मित्र शामिल हुए।
दलहन और खरीफ फसलों की वैज्ञानिक खेती की जानकारी
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को खरीफ मौसम में दलहन सहित अन्य फसलों की वैज्ञानिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। किसानों को उड़द, मूंगफली, अरहर, मड़ुवा और मूंग की उन्नत किस्मों, बीज उपचार, बुवाई की विधि, रोग एवं कीट नियंत्रण और बेहतर उत्पादन के उपाय बताए गए। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल कर सकते हैं और अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
किसान समृद्धि योजना से लेकर KCC तक की जानकारी
गोष्ठी में कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। किसानों को किसान समृद्धि योजना, मिट्टी जांच योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), फसल बीमा योजना समेत अन्य योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया गया। किसानों को अपनी जमीन की मिट्टी की जांच कराने के लिए भी प्रेरित किया गया, ताकि मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार उर्वरकों का इस्तेमाल कर उत्पादन को बेहतर किया जा सके।
आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने कहा कि कृषि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार किसानों के हित में लगातार योजनाएं चला रही है। किसानों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की अपील की।
दलहन और तिलहन उत्पादन पर जोर
सांसद प्रतिनिधि मान सिंह मुंडा ने किसानों को आत्मनिर्भर बनने और कृषि के साथ-साथ दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है और इनका लाभ प्रत्येक किसान तक पहुंचना जरूरी है।
किसानों की समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन
एफआईएसी अध्यक्ष मंगल सिंह मुंडा ने किसानों को संगठित होकर खेती करने और कृषि विभाग के अधिकारियों के संपर्क में रहने की बात कही। वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी ल्यूमिनस हेंब्रम ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में बीटीएम राजेश कुमार, बीपीएम रमेश द्विवेदी, बीसीओ निर्मल लकड़ा सहित कृषि विभाग के अन्य कर्मी और सभी किसान मित्र मौजूद रहे।

















