जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): खरसावां प्रखंड क्षेत्र के दलाईकेला पंचायत अंतर्गत सतीकुदर गांव निवासी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता सह जन वितरण प्रणाली (डीलर) करम सिंह बोदरा का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही खरसावां विधायक दशरथ गागराई उनके पैतृक आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
विधायक दशरथ गागराई ने परिजनों को बंधाया ढांढस
विधायक दशरथ गागराई ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। विधायक ने कहा कि इस कठिन समय में झामुमो परिवार और क्षेत्र की जनता शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।
पार्टी के समर्पित और जुझारू कार्यकर्ता थे करम सिंह बोदरा
दशरथ गागराई ने कहा कि करम सिंह बोदरा झामुमो के समर्पित, कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ता थे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता हमेशा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उनके निधन से पार्टी के साथ-साथ पूरे क्षेत्र ने एक अनुभवी और जनप्रिय व्यक्तित्व को खो दिया है।
डीलर के रूप में भी निभाई जिम्मेदारी
विधायक ने कहा कि जन वितरण प्रणाली के डीलर के रूप में भी करम सिंह बोदरा ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ किया। उनके सामाजिक सरोकार और लोगों के साथ जुड़ाव को हमेशा याद किया जाएगा।
झामुमो नेताओं और ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधायक दशरथ गागराई, जिला परिषद सदस्य कालीचरण बानरा, सानगी हेंब्रम, कृष्णा प्रधान, संजू हाईबुरू, यशोदा गोप, सुमित्रा रविदास, सरिता हांसदा, संगीता रजक, राजेश हांसदा, साधुचरण सोय सहित झामुमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने स्व. करम सिंह बोदरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया।
दो मिनट का मौन रखकर की प्रार्थना
श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि करम सिंह बोदरा का सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण हमेशा स्मरणीय रहेगा। नके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। लोगों ने उनके निधन को समाज और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया।



































