जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का स्थापना दिवस शनिवार को खरसावां में श्रद्धा, उत्साह और संगठनात्मक मजबूती के संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विहिप के प्रखंड अध्यक्ष सुब्रत सिंह देव ने की। मुख्य अतिथि के रूप में विहिप के प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार शामिल हुए। उनके पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में विहिप पदाधिकारियों, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और हिंदू समाज के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं संगठन के संस्थापक महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यों, उद्देश्यों और स्थापना दिवस के महत्व पर चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना हिंदू समाज को संगठित करने, सामाजिक समरसता स्थापित करने तथा भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने संगठन की ओर से किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों का भी उल्लेख किया।
समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर
मुख्य अतिथि प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद पिछले कई दशकों से समाज सेवा, संस्कार निर्माण, गौ संरक्षण, धार्मिक जागरण और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर राष्ट्र निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यों और विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ समाजहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
युवा शक्ति से सकारात्मक बदलाव संभव : अजय मिश्रा
विहिप के जिला उपाध्यक्ष अजय मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवा शक्ति के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
संस्कृति और इतिहास से जुड़ने का आह्वान
प्रखंड अध्यक्ष सुब्रत सिंह देव ने कहा कि युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपरा और इतिहास की जानकारी रखते हुए राष्ट्रहित के कार्यों में आगे आना चाहिए। उन्होंने संगठन के विस्तार के साथ सेवा गतिविधियों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया।
संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने विश्व हिंदू परिषद को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाज सेवा से जुड़े कार्यों को गति देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, जिला उपाध्यक्ष अजय मिश्रा, पालक शीतल प्रसाद साहू, प्रखंड अध्यक्ष सुब्रत सिंह देव, मनमीत सिंह देव, राजकुमार केशरी, धीरज केशरी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



































