आरआईटी / Balram Panda : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में युवक अमित सरदार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार समेत कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए गए हैं.
मामला आरआईटी थाना कांड संख्या 35/26, दिनांक 25 जुलाई 2026 का है, कृष्णापुर-बोंडीह निवासी 54 वर्षीय बैहुल्या देवी ने अपने बेटे अमित सरदार की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे लाइन पर फेंके जाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था.
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने दिकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू, सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा, स्वरूप सोरेन उर्फ कतुरु और मिलन सिंह को गिरफ्तार किया, पुलिस ने इनके पास से दो लोहे के हथौड़े, चार स्मार्ट मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और मृतक की शर्ट में लपेटा हुआ एक पत्थर बरामद किया है, बरामद सामान को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच में आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है, गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है, पूरी कार्रवाई आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने की। टीम में पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार महतो, संजीत कुमार, विक्रम कुमार समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे.
आरआईटी पुलिस की इस कार्रवाई से हत्याकांड की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है, अब पुलिस की जांच घटना के पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे की वजह को सामने लाने पर केंद्रित है.



































