सरायकेला / Balram Panda: गणेश पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है, पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी, ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसपी मनोज स्वर्गियारी ने जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

बैठक में अगस्त माह के आपराधिक मामलों, लंबित कांडों, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के साथ गणेश पूजा की तैयारियों की समीक्षा की गई, एसपी ने निर्देश दिया कि पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए, थाना प्रभारी नियमित गश्ती के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करें.
पूर्व से चिह्नित असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लेने का निर्देश दिया गया, पुलिस को कहा गया कि विवाद की स्थिति पैदा होने से पहले ही आवश्यक कदम उठाए जाएं.

वहीं, लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी, गंभीर मामलों की जांच समयबद्ध तरीके से पूरी करने और फरार व वांछित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया गया.
सड़क सुरक्षा को लेकर भी एसपी ने सख्ती दिखाई, दुर्घटना संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ाने, वाहन जांच अभियान तेज करने और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के साथ आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया.


































