जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत बाना पंचायत के बड़ाकांकी गांव में बुधवार को पत्थर लघु खनिज के प्रस्तावित खनन पट्टे को लेकर ग्रामसभा आयोजित की गई। ग्रामसभा की अध्यक्षता ग्राम प्रधान विश्वपति महतो ने की। बैठक में प्रस्तावित खनन पट्टे को लेकर ग्रामीणों के साथ विस्तार से चर्चा की गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से सहमति जताई।
6.91 एकड़ भूमि से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा
ग्रामसभा में जिला खनन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां के पत्रांक 836/एमएम, दिनांक 6 जुलाई 2026 तथा प्रखंड स्तर से जारी पत्रांक 595, दिनांक 27 अगस्त 2026 के निर्देशों के अनुपालन में बड़ाकांकी मौजा में प्रस्तावित खनन पट्टे पर चर्चा की गई। ग्रामसभा के रिकॉर्ड के अनुसार प्लॉट संख्या 11, 12(पी), 13, 14 एवं 15(पी) में कुल 6.91 एकड़ भूमि से संबंधित प्रस्ताव ग्रामसभा के समक्ष रखा गया।
ग्रामीणों ने जताई सर्वसम्मति से सहमति
ग्राम प्रधान विश्वपति महतो ने बताया कि ग्रामसभा में उपस्थित ग्रामीणों के बीच प्रस्तावित लीज को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के बाद ग्रामीणों ने लीज देने के संबंध में सर्वसम्मति से सहमति जताई। इसके बाद एनओसी देने की प्रक्रिया अपनाई गई।
बाना पंचायत के मुखिया रामसिंह हेम्ब्रम ने बताया कि ग्रामसभा में ग्रामीणों ने क्रशर प्लांट खोलने के लिए सर्वसम्मति से सहमति दी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सहमति के बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से हुई ग्रामसभा
बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में पंचायत सचिव अशोक कुमार महतो तथा पंचायत प्रतिनिधि के रूप में मुखिया रामसिंह हेम्ब्रम मौजूद रहे। ग्रामसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद रही। शांतिपूर्ण माहौल में ग्रामसभा की प्रक्रिया पूरी की गई।

















