सरायकेला / Balram Panda : केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन बिल के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सरायकेला प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में जोरदार हल्ला बोला, एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में झामुमो नेता, कार्यकर्ता और महिलाएं जुटीं। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिल को झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया.
धरना को संबोधित करते हुए सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष सह झामुमो नेता मनोज चौधरी ने एमएमडीआर संशोधन बिल को ‘काला कानून’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संघीय ढांचे की भावना के विपरीत काम कर रही है और झारखंड के आर्थिक हितों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। चौधरी ने कहा कि झामुमो इस मुद्दे पर पीछे हटने वाला नहीं है और कानून के विरोध में चरणबद्ध संवैधानिक आंदोलन चलाया जाएगा.
वहीं, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सह झामुमो नेत्री शकुंतला महाली ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आह्वान पर प्रखंड स्तर से आंदोलन का शंखनाद हो चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिल वापस नहीं हुआ तो आंदोलन का विस्तार प्रखंड से लेकर दिल्ली तक किया जाएगा.
शकुंतला महाली ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा के अधिकारों की लड़ाई में महिलाएं भी पीछे नहीं रहेंगी। उन्होंने धरने में महिलाओं की बड़ी भागीदारी को आंदोलन की ताकत बताते हुए कहा कि अधिकारों की इस लड़ाई में महिलाएं सड़क पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करेंगी.
सरायकेला में हुए इस धरना-प्रदर्शन के जरिए झामुमो ने एमएमडीआर संशोधन बिल के खिलाफ अपने विरोध को स्पष्ट करते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकेत दिया.

















