जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में आयोजित 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन (कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री कॉन्फ्रेंस) में भाग लेकर स्वदेश लौटे खरसावां विधायक दशरथ गागराई का सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कुचाई प्रखंड कमिटी की ओर से स्वागत किया गया। चक्रधरपुर स्थित विधायक के आवास पहुंचकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें गुलदस्ता भेंट किया और सफल विदेश दौरे के लिए शुभकामनाएं दीं।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड का प्रतिनिधित्व गर्व की बात : धर्मेंद्र मुंडा
स्वागत के दौरान विधायक प्रतिनिधि सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मुंडा ने कहा कि विधायक दशरथ गागराई ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड और देश का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में उनकी सहभागिता क्षेत्रवासियों के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन से प्राप्त अनुभवों का लाभ आने वाले समय में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में देखने को मिलेगा। कार्यकर्ताओं ने भी विधायक के विदेश दौरे को लेकर शुभकामनाएं दीं।
‘यह सम्मान पूरे खरसावां विधानसभा की जनता का’
स्वागत समारोह में विधायक दशरथ गागराई ने झामुमो कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे खरसावां विधानसभा क्षेत्र की जनता का सम्मान है।
विधायक ने बताया कि केप टाउन में आयोजित सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों के सांसदों और जनप्रतिनिधियों के साथ लोकतंत्र, सुशासन, सतत विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के मुद्दों पर भी चर्चा
दशरथ गागराई ने कहा कि सम्मेलन के दौरान झारखंड के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के विकास, स्थानीय संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जनहित से जुड़े मुद्दों को विभिन्न स्तरों पर रखने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भागीदारी से अलग-अलग देशों की विकास योजनाओं और संसदीय व्यवस्थाओं को समझने का मौका मिला। इन अनुभवों का उपयोग क्षेत्र के विकास कार्यों को बेहतर बनाने में किया जा सकता है।
झामुमो कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
मौके पर विधायक प्रतिनिधि सह प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मुंडा, भरत सिंह मुंडा, सचिव मुन्ना सोय, मुखिया राम सोय, राहुल सोय, सुनील सोय समेत झामुमो प्रखंड कमिटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

















