जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खुंटपानी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बासाहातु परिसर में विधायक निधि से स्थापित हाई मास्ट लाइट का उद्घाटन खरसावां विधायक दशरथ गागराई एवं समाजसेवी बासंती गागराई ने फीता काटकर किया। हाई मास्ट लाइट के शुरू होते ही अस्पताल परिसर रोशनी से जगमगा उठा। इससे मरीजों, उनके परिजनों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों में खुशी देखी गई।
रात में मरीजों को नहीं होगी परेशानी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ अस्पताल परिसरों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास भी जरूरी है। बासाहातु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी होती थी। हाई मास्ट लाइट लगने से अब अस्पताल परिसर पर्याप्त रोशनी से रोशन रहेगा। इससे रात में आवागमन के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।
लंबे समय से थी हाई मास्ट लाइट की मांग
समाजसेवी बासंती गागराई ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे विधायक निधि से पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा लाभ अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों को मिलेगा।
अस्पताल प्रबंधन और ग्रामीणों ने जताया आभार
अस्पताल प्रबंधन एवं स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक दशरथ गागराई और बासंती गागराई के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि पहले रात में अंधेरा रहने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब पूरा परिसर प्रकाशमान रहने से आवागमन आसान होने के साथ सुरक्षा भी मजबूत होगी।
ये लोग रहे मौजूद
मौके पर डॉ. शिवचरण हासदा, डॉ. मीना मुर्मू, विधायक प्रतिनिधि दुर्गाचरण पाडिया, बबलू गोडसरा, डिंबू तियू, राहुल गोप, अजय सामाड, सतीश पुरती, रजनी बानरा, राहुल सोय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

















