गम्हरिया / Balram Panda :पोषण माह के तहत गम्हरिया प्रखंड में मंगलवार को आंगनबाड़ी केंद्रों के बीच व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई, प्रतियोगिता में विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाओं ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री से तैयार किए गए पौष्टिक और स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के बीच संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा.

प्रतियोगिता में बालिगुमा आंगनबाड़ी केंद्र ने प्रथम स्थान हासिल कर प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया, वहीं द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले केंद्रों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, प्रतियोगिता में सेविकाओं ने अलग-अलग खाद्य सामग्री से तैयार व्यंजनों के जरिए यह संदेश दिया कि स्थानीय और आसानी से उपलब्ध सामग्री का सही इस्तेमाल कर पौष्टिक भोजन तैयार किया जा सकता है.

पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में गम्हरिया अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, उन्होंने प्रतियोगिता में प्रदर्शित व्यंजनों का अवलोकन किया और पोषण के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया.
कार्यक्रम का आयोजन आदित्यपुर की सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी के नेतृत्व में किया गया, इस दौरान महिला पर्यवेक्षिका माया महतो समेत परियोजना क्षेत्र की सभी सेविकाएं और सहायिकाएं मौजूद रहीं.

प्रतियोगिता में प्रदर्शित व्यंजनों के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी भी दी गई, अधिकारियों ने कहा कि बेहतर पोषण केवल महंगे खाद्य पदार्थों पर निर्भर नहीं है, घर और आसपास उपलब्ध खाद्य सामग्री को संतुलित तरीके से भोजन में शामिल कर परिवार को पौष्टिक आहार दिया जा सकता है, पोषण माह के इस आयोजन के जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों ने स्वस्थ परिवार और कुपोषण मुक्त समाज का संदेश दिया.

















