आदित्यपुर / Balram Panda : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, अवैध गतिविधियों से जुड़े लोगों की आर्थिक गतिविधियों और संपत्ति की भी जांच की जा रही है, इसी कड़ी में आदित्यपुर थाना पुलिस ने एच रोड मुस्लिम बस्ती में कुख्यात अपराधी कदीम खान से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की.
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कदीम खान से जुड़े बताए जा रहे मकानों और जमीन की जांच की, पुलिस को सूचना मिल रही थी कि इन ठिकानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर इनकी भूमिका की जांच जरूरी है, कार्रवाई के दौरान मकानों में रह रहे किराएदारों को भी खाली कराया गया.
पुलिस की जांच का दायरा कदीम खान की पत्नी डोली परवीन से जुड़ी गतिविधियों तक भी पहुंचा है, पुलिस उसके नाम अथवा उससे जुड़े बताए जा रहे ठिकानों, संपत्ति और वहां होने वाली गतिविधियों की भी जांच कर रही है, हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही उसकी भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी.
पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि कुछ मकानों से मिलने वाले किराए का इस्तेमाल कथित तौर पर तस्करी से जुड़े लोगों को आर्थिक सहयोग पहुंचाने में किया जा रहा है, इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने किराएदारों और मकानों से जुड़ी गतिविधियों की पड़ताल शुरू की है, पुलिस का फोकस अब केवल अवैध कारोबार करने वालों तक सीमित नहीं, बल्कि उनके संभावित आर्थिक नेटवर्क और सहयोगियों तक भी पहुंचने पर है.
पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र में साफ संदेश गया है कि अवैध कारोबार को किसी भी स्तर पर संरक्षण या आर्थिक सहयोग देने वालों को जांच का सामना करना पड़ सकता है, पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध गतिविधियों और अपराधियों के जमावड़े वाले ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
एसडीपीओ ने कहा कि अवैध कारोबार और अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा, जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, किसी भी व्यक्ति को अपराधियों को संरक्षण देने या अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान में आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार के तौर पर देखा जा रहा है, आने वाले दिनों में ऐसे अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई होने की संभावना है.

















