जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। झारखंड शिक्षा परियोजना, रांची की ओर से खुंटपानी प्रखंड के पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय भोया में करीब 70 लाख रुपये की लागत से पांच कमरों वाले अतिरिक्त विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
विद्यालय में बढ़ेंगी शैक्षणिक सुविधाएं
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए विद्यालयों में पर्याप्त कमरे, बेहतर भवन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे प्रतिभा के मामले में किसी से कम नहीं हैं। उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल और उचित अवसर देने की जरूरत है। पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप कराने का निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दें ध्यान
विधायक ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां और अनुशासन भी विद्यार्थियों के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई में सहयोग करने की अपील की।
पांच कमरों वाले अतिरिक्त भवन की स्वीकृति मिलने से स्थानीय ग्रामीणों और विद्यालय परिवार में खुशी है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में अतिरिक्त कमरों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। भवन निर्माण पूरा होने के बाद विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध होंगे और पठन-पाठन की व्यवस्था बेहतर होगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से शिक्षा, सड़क, पेयजल, बिजली सहित अन्य बुनियादी समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, खुंटपानी विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसरा, बिरसा तियू, सचिदानंद ईचागुटू, सतीश पुरती, शिक्षक अर्जुन पुरती सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

















