जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खुंटपानी प्रखंड के खुंटपानी गांव में चार वर्षीय मासूम बच्चे की पत्थर से कुचलकर हत्या की दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही खरसावां विधायक दशरथ गागराई गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
विधायक दशरथ गागराई के साथ समाजसेवी बासंती गागराई भी मौजूद थीं। दोनों ने मृत बच्चे के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हरसंभव मदद और सहयोग का भरोसा दिलाया।
विधायक गागराई ने कहा कि एक मासूम बच्चे की इस तरह पत्थर से कुचलकर हत्या किया जाना अत्यंत निंदनीय और दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने मरांग बुरू से दिवंगत बच्चे की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार के साथ खड़े नजर आए। इस दौरान गांव के कई लोग और पीड़ित परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

















