जनसंवाद, जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित NTTF RD Tata Technical Institute के छात्रों ने एक बार फिर कैंपस प्लेसमेंट में शानदार सफलता हासिल की है। प्रतिष्ठित जापानी रोबोटिक्स कंपनी FANUC ने संस्थान के 6 छात्रों का चयन किया है। चयनित छात्रों को 5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज (CTC) पर बेंगलुरु स्थित कंपनी के लिए लॉक किया गया है।
संस्थान में हाल ही में आयोजित कैंपस चयन प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद छात्रों की तकनीकी क्षमता, व्यक्तिगत प्रतिभा और कौशल का मूल्यांकन किया गया। अंततः इंटरव्यू राउंड के बाद अंतिम चयन किया गया।
संस्थान के उप-प्रबंधन प्रशासनिक अधिकारी वरुण कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया के कुल पांच चरणों में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी जगह बनाई। इस उपलब्धि से संस्थान को गर्व महसूस हो रहा है।
चयनित छात्रों में मेकाट्रॉनिक्स विभाग के पांच छात्र – गौतम कुमार, शिवम, अक्षत गुप्ता, किसलय झा और संदीप पॉल शामिल हैं, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग से एक छात्र सूरज पॉल का चयन हुआ है।
बताया गया कि FANUC जापान की अग्रणी कंपनियों के समूह में शामिल है, जो रोबोटिक्स और कंप्यूटर न्यूमेरिकल कंट्रोल (CNC) आधारित स्वचालन उत्पादों और सेवाओं के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है।
संस्थान प्रबंधन ने चयनित सभी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। संस्थान के अनुसार यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

















