जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खरसावां विधायक Dashrath Gagrai ने झारखंड विधानसभा में सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड में बनने वाले कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के नए भवन निर्माण कार्य को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की।
विधायक दशरथ गागराई द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्न के उत्तर में सरकार ने जानकारी दी कि विभागीय पत्रांक दिनांक 19 मार्च 2025 के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, कुचाई के नए भवन निर्माण के लिए Jharkhand Education Project Council को कुल 6 करोड़ 59 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
सरकार की ओर से बताया गया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां ने 6 मार्च 2026 को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया है कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा निविदा प्रक्रिया पूरी कर 7 नवंबर 2025 को संबंधित संवेदक को कार्यादेश जारी कर दिया गया था।
हालांकि निर्माण कार्य शुरू करने के दौरान चिह्नित भूमि को लेकर ग्रामीणों द्वारा विवाद उत्पन्न होने के कारण काम प्रारंभ नहीं हो सका था। बाद में भूमि का पूर्ण सीमांकन कराने के बाद 10 फरवरी 2026 से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
वर्तमान में विद्यालय परिसर की चारदीवारी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। विधायक दशरथ गागराई ने उम्मीद जताई कि भवन निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होने से क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।



















