जनसंवाद, खरसावां। सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना परिसर में शुक्रवार को सरहुल, ईद और रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी Narsingh Munda ने की। बैठक में मुख्य रूप से जिप सदस्य Jingi Hembrom और प्रखंड प्रमुख Guddi Devi मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने कहा कि कुचाई प्रखंड क्षेत्र में रामनवमी का त्योहार हर वर्ष शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है और इस वर्ष भी सभी लोग मिलकर भाईचारे के साथ पर्व मनाएंगे।
थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा ने कहा कि सरहुल प्रकृति से जुड़ा महत्वपूर्ण आदिवासी पर्व है, वहीं ईद और रामनवमी भी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने वाले त्योहार हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि रामनवमी हिंदू धर्म का एक अत्यंत पवित्र पर्व है, जो बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर हुड़दंग, अवैध गतिविधि या शराब पीकर उपद्रव करने की सूचना मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा, ओपी प्रभारी रवीन्द्र मुंडा, मुखिया मंगल सिंह मुंडा, मुखिया सरस्वती मींज, अनुप अग्रवाल, डुमू गोप, सत्येंद्र कुम्हार, मधुसूदन दास, महेश उरांव, बहादुर मुंडा, सुशील महतो, धर्मेंद्र सांडिल, टेने सोय, महेश्वर महतो, लुबुराम सोय समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे।
















