जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला युवा कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खेरसे मुंडा चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजाराम पाडिया ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा।
राजाराम पाडिया ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में लगभग 60 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे आम परिवारों के मासिक बजट पर सीधा असर पड़ रहा है।
वहीं प्रदेश सचिव प्रेमेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर महंगे होने के साथ-साथ विवाह जैसे आयोजनों में उपयोग होने वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर भी समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इससे आम उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल की ऊंची कीमतों के बीच गैस सिलेंडर के दाम में वृद्धि से आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
प्रदर्शन के दौरान बलभद्र महतो, कन्हैयालाल समाड, सौरभ तांती, मुकेश मुदुईया, शंकर दिग्गी, तुराम बांकिरा, सुखलाल होनहागा, बरजू लोहार, अनावरुल हक, सुखलाल मुंडा, जादू बांकिरा, आई आलम, धनु केराई, जिबना गागराई, दिलीप सिंह लंयागी, महेंद्र सुरीन, गुरुचरण दास समेत कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
















