जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड के रोलाहातु पंचायत अंतर्गत बीहड़ जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में बसे कासराउली गांव में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। इस ग्रामसभा में खरसावां विधायक दशरथ गागराई एवं समाजसेवी बासंती गागराई मुख्य रूप से शामिल हुए।

ग्रामसभा के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक में कासराउली, कोर्रा और डांगिल गांव के ग्रामीणों ने अपनी प्रमुख समस्या—सड़क की कमी—को प्रमुखता से उठाया।
ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक इन तीनों गांवों में सड़क की सुविधा नहीं पहुंची है। लोग आज भी पगडंडियों के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचने को मजबूर हैं। ग्रामीणों द्वारा श्रमदान कर अस्थायी रास्ता बनाया गया है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है।
इस दौरान विधायक दशरथ गागराई और बासंती गागराई ने कार्यकर्ताओं के साथ कासराउली, कोर्रा और डांगिल गांव का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए।
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि सुदूरवर्ती पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में बसे इन गांवों में सड़क की कमी के कारण ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य और जिला स्तर पर पहल कर जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार दौरा, कैंप और शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।
विधायक ने यह भी कहा कि सड़क बनने के बाद गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से लोगों तक पहुंचेगा। वर्तमान में दुर्गम भौगोलिक स्थिति के कारण विकास कार्य धीमी गति से हो रहे हैं।
ग्रामसभा में विधायक प्रतिनिधि धमेंद्र सिंह मुंडा, भरत सिंह मुंडा, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, मुखिया राम सोय, शास्त्री सांगा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
















