जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खुंटपानी प्रखंड के मटकोबेडा गांव में शुक्रवार को आजीविका सेवा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर खरसावां विधायक दशरथ गागराई, समाजसेवी बासंती गागराई तथा जिला परिषद सदस्य जमुना तियु ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।

यह केंद्र आईएसी के अंतर्गत स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और महिलाओं को सशक्त बनाना है। उद्घाटन समारोह में विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि आजीविका सेवा केंद्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए किसानों और सखी मंडल की महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और आजीविका में स्थिरता आएगी।

उन्होंने बताया कि यह केंद्र कृषि एवं गैर-कृषि गतिविधियों को एकीकृत करते हुए लगभग 250 से 300 परिवारों तक सहायता पहुंचाने का लक्ष्य रखता है। साथ ही यह ग्रामीण और शहरी गरीब परिवारों, विशेषकर महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगा।
विधायक ने कहा कि ऐसे केंद्र न केवल रोजगार सृजन करते हैं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, कौशल और सामाजिक स्थिति को भी मजबूत बनाते हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक ग्रेगोरी तिग्गा, मुखिया माधुरी हेम्ब्रम सहित मटकोबेडा संकुल की कई महिला सदस्य और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


















