जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। सरायकेला-खरसावां जिले में रक्त की कमी को दूर करने और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने के उद्देश्य से बुधवार को खरसावां प्रखंड सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रखंड प्रशासन एवं “समस्त रक्तवीर खरसावां” के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया।

शिविर में खरसावां के बीडीओ प्रधान माझी और थाना प्रभारी गौरव कुमार ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। उनके साथ-साथ विभिन्न जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान कुल 76 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदान शिविर में मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, जीप सदस्य कालीचरण बानरा, सावित्री बानरा, प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा, सीओ कप्तान सिंकू, बीस सुत्री अध्यक्ष अजय सामाड, मुखिया सुनिता तापे ने समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित होकर लोगों का मनोबल बढ़ाया।

मौके पर विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप ने कहा कि रक्तदान का कोई मूल्य नहीं होता, लेकिन इससे कई लोगों की अमूल्य जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
बीडीओ प्रधान माझी ने कहा कि रक्तदान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। समय-समय पर रक्तदान करने से कई जरूरतमंदों को नया जीवन मिल सकता है। वहीं थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी के लिए जीवनदान साबित हो सकता है, इसलिए जो लोग शारीरिक रूप से सक्षम हैं, उन्हें जरूर रक्तदान करना चाहिए।
शिविर के अंत में रक्तदान करने वाले सभी लोगों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मेडिकल टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

















