जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। सरायकेला-खरसावां जिले में रक्त की कमी को दूर करने और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने के उद्देश्य से उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार को कुचाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुजीत मुर्मू सहित 50 लोगों ने रक्तदान कर “रक्तदान महादान” का संदेश दिया।

शिविर के दौरान कुल 50 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है, इसलिए हर सक्षम व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

बीडीओ साधुचरण देवगम ने कहा कि रक्तदान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। समय-समय पर रक्तदान करने से कई लोगों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को रक्तदान के महत्व को समझना चाहिए और नियमित रूप से इस अभियान में भाग लेना चाहिए।
थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा ने कहा कि दुर्घटना या गंभीर बीमारी के समय रक्त की जरूरत सबसे अधिक पड़ती है। ऐसे समय में लोगों द्वारा किया गया रक्तदान किसी के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से इस अभियान में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर को सफल बनाने में मेडिकल टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रक्तदान शिविर में विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, बीडीओ साधुचरण देवगम, बीडीओ प्रधान माझी, थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा, जीप सदस्य जींगी हेंब्रम और प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, डॉ सुजीत मुर्मू, बीपीएम रमेश द्विवेदी, मुखिया लुदरी हेंब्रम सहित मेडिकल टीम व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और समाज के लोगों से इस मानवीय अभियान से जुड़ने की अपील की।
















