जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खुंटपानी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय शारदा में माध्यमिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खरसावां विधायक दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय परिवार की ओर से विधायक का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके बाद सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए विधायक ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मेहनत और अनुशासन से मिलती है सफलता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि जीवन में सफलता निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे पढ़ाई के साथ अपने व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान दें और आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रयास करते रहें।
उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनका मार्गदर्शन और सहयोग भी महत्वपूर्ण होता है।
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार कर रही प्रयास
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर मिल सकें।
विद्यालय भवन की समस्या से कराया अवगत
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने विधायक को निर्माणाधीन भवन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी। इसके बाद विधायक ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और भवन निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का भरोसा दिया।
इस मौके पर पूर्व प्रमुख सह महिला मोर्चा अध्यक्ष रजनी बानरा, समाजसेवी भगवान बानरा, मुखिया हरिचरण हेंब्रम, प्रधानाध्यापिका शांति विरूवा सहित शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

















