आदित्यपुर / Balram Panda: प्रवीण सिंह सेवा संस्थान की ओर से निर्मित भव्य दुर्गा पूजा पंडाल अपनी अनूठी स्थापत्य शैली और आकर्षक सजावट के कारण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना है, हिमाचल प्रदेश के प्राचीन शिव मंदिर की तर्ज पर तैयार इस पंडाल को पश्चिम बंगाल के कुशल कारीगरों ने अपनी कलात्मक दक्षता और मेहनत से भव्य स्वरूप प्रदान किया है, बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया.
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, शक्ति और एकता का प्रतीक है, प्रवीण सिंह सेवा संस्थान के दुर्गा पूजा पंडाल के उद्घाटन समारोह में शामिल होकर उन्हें प्रसन्नता हुई, उन्होंने मां दुर्गा से क्षेत्र की प्रगति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना भी जरूरी है। दुर्गा पूजा जैसे पर्व समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, पूजा पंडालों में दिखाई देने वाली कलाकारी, कारीगरों की मेहनत और श्रद्धालुओं की भक्ति हमारी सांस्कृतिक विरासत तथा कलाकारों की प्रतिभा को दर्शाती है.
समारोह में प्रवीण सिंह सेवा संस्थान के संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह, संस्थान के अध्यक्ष और आदित्यपुर नगर निगम के उपमहापौर अंकुर सिंह समेत कई राजनीतिक हस्तियां और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
हिमाचल प्रदेश के प्राचीन शिव मंदिर की स्थापत्य शैली पर आधारित यह पंडाल धार्मिक आस्था और कलात्मक रचनात्मकता का आकर्षक संगम प्रस्तुत कर रहा है, पश्चिम बंगाल के कारीगरों की मेहनत से साकार हुई इस संरचना ने प्रवीण सिंह सेवा संस्थान के दुर्गा पूजा आयोजन को विशिष्ट पहचान दी है, पंडाल के उद्घाटन के साथ ही दुर्गोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ गया है.

















