जनसंवाद, जमशेदपुर। देश के सार्वजनिक प्रसारण के गौरवशाली 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी, जमशेदपुर की ओर से नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहयोग से विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में विशेष आशु भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय समाज, संस्कृति, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में आकाशवाणी की नौ दशकों की भूमिका को रेखांकित करना था। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से 20 प्रतिभागियों ने भाग लिया और “भारत के विकास में आकाशवाणी की भूमिका” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों ने सूचना प्रसार, ग्रामीण विकास, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में आकाशवाणी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में आकाशवाणी जमशेदपुर से कार्यक्रम प्रमुख राजेश कुमार राय, कार्यक्रम अधिशासी राकेश रमन और विवेक आदित्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में राकेश रमन ने कहा कि आकाशवाणी केवल एक प्रसारण संस्था नहीं बल्कि भारत की सामूहिक स्मृतियों, संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों की सशक्त आवाज रही है। वहीं राजेश कुमार राय ने कहा कि आकाशवाणी ने देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक सूचना और शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विवेक आदित्य ने कहा कि आकाशवाणी ने भारतीय भाषाओं, लोक कलाओं और सांस्कृतिक विविधताओं के संरक्षण में अभूतपूर्व योगदान दिया है।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने आकाशवाणी को 90 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संस्था भारत की विकास यात्रा की सशक्त सहभागी रही है।
वहीं कुलपति Prabhat Kumar Pani ने कहा कि आकाशवाणी ने सूचना, शिक्षा और मनोरंजन के माध्यम से भारतीय समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने मीडिया विद्यार्थियों के लिए आकाशवाणी की निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व को आदर्श बताया।
कार्यक्रम में कुलसचिव नागेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोइज़ अशरफ, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा, डीन एकेडमिक्स अभिनव कुमार और डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. राकेश कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। अंग्रेजी विभाग की अदिना फातिमा ने प्रथम, विधि विभाग के प्रतीक झा ने द्वितीय तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की लक्ष्मी सतपति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का समापन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की विभागाध्यक्ष दीपिका कुमारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।




















