जनसंवाद, जमशेदपुर। जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद एवं भाजपा नेता अनिल मोदी ने मानगो नगर निगम क्षेत्र में UISL (जुस्को) द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान का स्वागत करते हुए जुगसलाई में भी इसी तरह का अभियान शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने UISL प्रबंधन को पत्र भेजकर जुगसलाई की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।
अनिल मोदी ने कहा कि मानगो क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया अभियान सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी प्रकार जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र को भी प्राथमिकता देते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने पत्र में कहा कि जुगसलाई टाटा स्टील के गैर-कंपनी क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और मुख्य कारखाने के निकट स्थित होने के बावजूद यहां वर्षों से बड़े नालों की नियमित सफाई नहीं हो रही है। इसके कारण बरसात के दिनों में जलजमाव, गंदगी और मच्छरों की समस्या बढ़ जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अनिल मोदी ने कहा कि जुगसलाई घनी आबादी वाला और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में यहां बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने UISL प्रबंधन से जुगसलाई क्षेत्र के चार प्रमुख बड़े नालों की शीघ्र सफाई कराने की मांग की, ताकि वर्षा ऋतु में जलजमाव की समस्या कम हो सके और क्षेत्र में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखा जा सके।
पार्षद ने विश्वास जताया कि जिस तरह UISL ने मानगो में सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए स्वच्छता अभियान शुरू किया है, उसी तरह जुगसलाई की जरूरतों को भी प्राथमिकता देते हुए यहां जल्द विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

















