जनसंवाद, रांची/जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिले की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान भाजपा के जिला प्रभारी दिनेश कुमार और जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात कर जिले में चल रहे संगठनात्मक कार्यों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्वी सिंहभूम की वर्तमान संगठनात्मक स्थिति, मंडलवार गतिविधियों, संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण, आगामी कार्यक्रमों तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा संगठन की वास्तविक ताकत मंडल और बूथ स्तर पर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने पर बल दिया। साथ ही केंद्र और राज्य स्तर पर पार्टी के कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने पूर्वी सिंहभूम जिले में चल रहे संगठनात्मक कार्यों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया। वहीं जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी ने मंडलों में संचालित गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और संगठन विस्तार को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।
बैठक सकारात्मक एवं सार्थक वातावरण में संपन्न हुई। अंत में पूर्वी सिंहभूम जिले में संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के संकल्प को दोहराया गया।

















