जनसंवाद, जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में गुरुवार को जिला कार्यालय से साकची गोलचक्कर तक विराट मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस के माध्यम से पार्टी नेताओं ने जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया।
भ्रष्टाचार पर समझौता नहीं करेगी भाजपा
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार के मुद्दे पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सामने आए जेपीएससी और जेएसएससी पेपर लीक मामलों को लेकर पार्टी पूरे राज्य में आंदोलन चला रही है और छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरी है।
CBI जांच की मांग, मुख्यमंत्री पर लगाए आरोप
अभय सिंह ने कहा कि पेपर लीक मामले की केवल सीआईडी जांच पर्याप्त नहीं है। भाजपा इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करती है। उनका आरोप था कि निष्पक्ष जांच होने पर पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीबीआई जांच की अनुशंसा करने की मांग की।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि वे अन्य राज्यों में परीक्षा संबंधी मामलों पर विरोध प्रदर्शन करते हैं, तो झारखंड में भी अपनी सरकार से जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस मुद्दे पर समान मानदंड अपनाने चाहिए।
संजीव सिंह के नेतृत्व में निकला जुलूस
मशाल जुलूस का नेतृत्व भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिंह ने किया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कई वरिष्ठ नेता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

















