जनसंवाद, जमशेदपुर। भाजपा झारखंड के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशंस (संशोधन) विधेयक, 2026 (एंटी पेपर लीक संशोधन विधेयक) पारित होने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
जारी बयान में अभय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से यह कानून लाया है। उन्होंने दावा किया कि नए प्रावधानों के तहत पेपर लीक जैसे मामलों में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।
भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, विधेयक में ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों पर 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है। वहीं, पेपर लीक में शामिल एजेंसियों और कंपनियों पर 5 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाने और उन्हें आठ वर्षों तक ब्लैकलिस्ट करने का भी प्रावधान किया गया है।
अभय सिंह ने कहा कि मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट और विशेष अदालतों की व्यवस्था किए जाने का भी स्वागत किया जाना चाहिए। उनके अनुसार, इससे परीक्षा संबंधी मामलों का शीघ्र निष्पादन संभव होगा।
उन्होंने कहा कि संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में इस विधेयक का ध्वनिमत से पारित होना शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने विधेयक के समर्थन में मतदान करने वाले एनडीए के सभी सांसदों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

















