जनसंवाद, जमशेदपुर। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से 22 जुलाई को रांची में JPSC कार्यालय घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन में जमशेदपुर से बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे।
भाजयुमो के अनुसार, जमशेदपुर से युवाओं का जत्था प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल के नेतृत्व में बुधवार सुबह 7 बजे साकची स्थित बाग-ए-जमशेदपुर मैदान (मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के समीप) से रांची के लिए रवाना होगा।
रांची में आंदोलन के तहत प्रतिभागी सुबह 10 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एकत्रित होंगे। इसके बाद झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) कार्यालय तक मार्च निकालकर घेराव किया जाएगा।
प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने कहा कि JPSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली की घटनाओं से झारखंड के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होने से अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन युवाओं के अधिकारों और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है। साथ ही राज्यभर के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर अपनी आवाज उठाने की अपील की।

















