जनसंवाद, जमशेदपुर: कांग्रेस नेता सह जिला परिषद् सदस्य डॉ. परितोष ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए जमशेदपुर बंद की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी एक संवेदनशील हत्याकांड की आड़ में अपनी राजनीतिक रोटी सेकने का घिनौना प्रयास कर रही है।
शहर को अस्त-व्यस्त करने की फिराक में हैं भाजपा के ‘स्लीपर सेल’
डॉ. परितोष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विगत तीन दिनों से भाजपा के ‘स्लीपर सेल’ शहर की शांति और व्यवस्था को भंग करने तथा इसे अस्त-व्यस्त करने की फिराक में हैं। इस पूरी घटनाक्रम के पीछे राजनीतिक साजिश बू आ रही है।” उन्होंने मामले की परतों को खोलते हुए कहा कि जिस बार में यह घटना घटी, उसके मालिक सीधे तौर पर भाजपा से जुड़े हुए हैं। यही नहीं, वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी भी भाजपा के बड़े नेताओं के संरक्षण (छत्रछाया) में फल-फूल रहे हैं। ऐसे में भाजपा का इस मुद्दे पर राजनीति करना उनकी दोहरी मानसिकता को उजागर करता है।
सरकार मुस्तैद, बंद का कोई औचित्य नहीं
जिला परिषद् सदस्य ने साफ किया कि राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। अपराधियों की धरपकड़ और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब प्रशासन पूरी तत्परता से काम कर रहा है, तो ऐसे में ‘जमशेदपुर बंद’ का आह्वान कर आम जनता, व्यापारियों और रोज कमाने-खाने वालों को परेशान करने का कोई औचित्य नहीं है। भाजपा सिर्फ अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए जनता को मोहरा बना रही है, जिसे जमशेदपुर की समझदार जनता भली-भांति समझती है और इसे पूरी तरह खारिज करती है।










