जनसंवाद, जमशेदपुर। ईस्ट प्लांट बस्ती स्थित श्री श्री दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में कार्तिक माह की अमावस्या के अवसर पर रविवार को विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह मां काली को स्नान कराने के बाद भव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद संध्या समय विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
श्रद्धालुओं ने की पुष्पांजलि, भोग का हुआ वितरण
पूजा के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां काली के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद भक्तों के बीच भोग प्रसाद का वितरण किया गया, जो सोमवार सुबह तक जारी रहा। मंदिर के पुरोहित ने विधिवत पूजा संपन्न कराई। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
कार्तिक अमावस्या पर मां काली की पूजा का विशेष महत्व
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष गलविंदर सिंह ग्वाले ने बताया कि प्रत्येक माह अमावस्या तिथि पर मां काली की नियमित पूजा की जाती है और श्रद्धालुओं के बीच भोग प्रसाद वितरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में कार्तिक माह को अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण माना जाता है। कई श्रद्धालु पूरे महीने मांसाहार का सेवन नहीं करते हैं। ऐसे में कार्तिक अमावस्या पर मां काली की पूजा का विशेष महत्व है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक शनिवार को भी मंदिर में मां की विशेष पूजा की जाती है। कमेटी ने आयोजन में लगातार सहयोग देने के लिए बस्ती के सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में महासचिव उमाशंकर बेरा, संतोष सिंह, कमलेश राय, दीपक कुमार, प्रदीप कुमार, सुजीत कुमार, अविनाश प्रताप, अरुण प्रसाद, रोहित वर्मा, पवन सिंह और विवेक दत्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

















