जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खरसावां प्रखंड के रिडिंग पंचायत अंतर्गत राजामा, मुंगा टोला और पिछांग टोला जैसे सुदूरवर्ती पहाड़ी गांवों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में खरसावां विधायक दशरथ गागराई के नेतृत्व में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (PHED) की टीम ने क्षेत्र का दौरा कर प्राकृतिक जल स्रोतों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विभाग के कार्यपालक अभियंता (EE), सहायक अभियंता (AE) एवं कनीय अभियंता (JE) ने पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों का स्थल परीक्षण कर पेयजल आपूर्ति की संभावनाओं का मूल्यांकन किया। अधिकारियों ने बताया कि तीनों गांवों में दीर्घकालिक एवं प्रभावी पेयजल व्यवस्था विकसित करने के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
मौके पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि राजामा, मुंगा टोला और पिछांग टोला के ग्रामीण लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विधायक ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों की इस मूलभूत आवश्यकता के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों का वैज्ञानिक एवं सतत उपयोग सुनिश्चित करते हुए ऐसी पेयजल योजना तैयार की जाएगी, जिससे प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। डीपीआर तैयार होने के उपरांत योजना के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
ग्रामीणों ने विधायक एवं विभागीय अधिकारियों की इस पहल का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि योजना के लागू होने के बाद लोगों को स्वच्छ पानी के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य विकासात्मक एवं जनसुविधा संबंधी समस्याओं से भी विधायक को अवगत कराया तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
















