जनसंवाद, जमशेदपुर। डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल के ‘कलाकृति’ सभागार में शुक्रवार को “करियर गाइडेंस फेयर–2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों, विभिन्न करियर विकल्पों और उच्च शिक्षा के अवसरों से परिचित कराना तथा उनके भविष्य के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।
20 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों ने लिया हिस्सा
करियर फेयर में देशभर के 20 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों ने भाग लिया। इनमें वीआईटी वेल्लोर, एलायंस यूनिवर्सिटी, आर.वी. यूनिवर्सिटी, एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी, आईआईएलएम यूनिवर्सिटी, बिरला ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सिक्किम मणिपाल यूनिवर्सिटी, महिंद्रा यूनिवर्सिटी, अपोलो यूनिवर्सिटी, टेक्नो इंडिया यूनिवर्सिटी, गिटम यूनिवर्सिटी, बेनेट यूनिवर्सिटी, कलिंगा यूनिवर्सिटी, यूपीईएस देहरादून, पर्ल अकादमी, श्री श्री यूनिवर्सिटी, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, एमिटी यूनिवर्सिटी रांची, चितकारा यूनिवर्सिटी और पिंपरी चिंचवड़ यूनिवर्सिटी शामिल रहीं।
विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से किया सीधा संवाद
सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित इस करियर फेयर में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एजुकेटर्स इंडिया के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्हें विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्तियों और रोजगार की संभावनाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई।
करियर चयन में मिलेगा मार्गदर्शन
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती गुरप्रीत भामरा ने कहा कि इस तरह के करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विविध अवसरों से परिचित कराते हैं और उन्हें अपने भविष्य के लिए सही निर्णय लेने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सभी सहयोगियों का जताया आभार
कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्या सुपर्णा राय, एस. शिरीन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या ने सभी सहभागी विश्वविद्यालयों, एजुकेटर्स इंडिया तथा आयोजन को सफल बनाने वाले शिक्षकों और सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

















