जनसंवाद, जमशेदपुर। जमशेदपुर वीमेन्स यूनिवर्सिटी के बिष्टुपुर कैंपस में मनोविज्ञान विभाग की पूर्व शिक्षिका डॉ. चंद्र प्रभा पाठक की स्मृति में शोक सभा का आयोजन किया गया।
डॉ. चंद्र प्रभा पाठक का निधन 28 मई की सुबह जमशेदपुर में हुआ था। वे वर्ष 1978 से 2015 तक जमशेदपुर वीमेन्स कॉलेज में कार्यरत रहीं और अपने लंबे शैक्षणिक कार्यकाल के दौरान कॉलेज की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती रहीं।
विश्वविद्यालय परिवार ने उन्हें सरल स्वभाव, समर्पित शिक्षिका और जिम्मेदार शिक्षाविद के रूप में याद किया।
शोक सभा के दौरान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. चंद्र प्रभा पाठक का आकस्मिक निधन विश्वविद्यालय के लिए अपूरणीय क्षति है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया।




















