जनसंवाद, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला जिमनास्टिक एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा रविवार को बिष्टुपुर स्थित रामदास भट्टा सेंटर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के चेयरमैन बी. मुरारी ने की। आमसभा में जिले में जिमनास्टिक खेल के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा खेल गतिविधियों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही सर्वसम्मति से एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए चेयरमैन बी. मुरारी ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम में जिमनास्टिक को बढ़ावा देने के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिमनास्टिक केवल एक खेल नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह खेल राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान रखता है।
आमसभा के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत किया गया और नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में बी. मुरारी को चेयरमैन, रंजन कुमार झा को अध्यक्ष, अरशद अली को महासचिव, फिरोज खान को कोषाध्यक्ष तथा विजय कुमार और शफीक अहमद को सहायक सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं ओम प्रकाश और रजनीत जायसवाल को उपाध्यक्ष बनाया गया।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मुन्ना सिंह, वेणु राव, संगीता हेंब्रम, कुंदन कुमार, कृष्णा पांडे और लक्ष्मी पांडे को शामिल किया गया। इसके अलावा रोजेश प्रसाद को तकनीकी प्रशिक्षण सलाहकार नियुक्त किया गया। वहीं जितेन्द्र मिश्रा, दीपक कुमार, अनिता कुमारी, किरण कुमारी, लक्ष्मी कुमार और पूनम कुमारी सहित कई राष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी एसोसिएशन का सदस्य बनाया गया।
बैठक में खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित करने, जिले में जिमनास्टिक प्रतियोगिताओं का दायरा बढ़ाने तथा नई प्रतिभाओं को आगे लाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में जिले के खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमियों ने भी भाग लिया।
एसोसिएशन के महासचिव अरशद अली ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी जिले में जिमनास्टिक खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करेगी।
















