आसंगी / Balram Panda : श्री श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट, आसंगी के तत्वावधान में मौसीबाड़ी मंदिर के गुंबद एवं रत्न भंडार की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान और भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से संपन्न हुई, धार्मिक अनुष्ठान में आसंगी एवं बर्गीडीह गांव के महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान श्री जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.
पूजा के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा, श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की, इस अवसर पर ग्रामीणों ने रत्न भंडार में सोना, चांदी, धनराशि सहित विभिन्न वस्तुएं श्रद्धापूर्वक दान कीं। ग्रामीणों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष धार्मिक महत्व प्रदान किया.
कार्यक्रम में वार्ड संख्या 25 की पार्षद उत्तरा प्रधान की गरिमामयी उपस्थिति रही, उन्होंने धार्मिक आयोजन में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की, स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, एकजुटता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं.
इस अवसर पर श्री श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अश्विनी प्रधान के अलावा सुशील प्रधान, पांडा प्रधान, भद्र पांडा, विश्वजीत प्रधान, बबलू प्रधान, सपन प्रधान, गोपाल प्रधान, पंचू प्रधान एवं परमेश्वर प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
आयोजन ने आसंगी और बर्गीडीह के ग्रामीणों की धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और भगवान श्री जगन्नाथ के प्रति अटूट श्रद्धा को प्रदर्शित किया, पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान से क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की.

















